मंदसौर। शहर के व्यस्ततम सरदार पटेल चौराहे (बीपीएल) पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पहले से ही सभ्यता सुपर बाजार की ओर से अतिक्रमण के कारण सड़क की स्थिति खराब थी, अब उसी के पास फॉर्च्यून होटल वाली बिल्डिंग में हाल ही में खुला DPK कटारिया ज्वेलर्स ने पार्किंग और सड़क पर कब्जा कर लिया है।
ज्वेलर्स ने न सिर्फ पार्किंग क्षेत्र में अतिक्रमण किया, बल्कि प्रचार प्रसार के लिए बाहर टेंट लगाकर भव्य डेकोरेशन भी करवा दिया। इसके चलते सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे एक तरफ का पूरा मार्ग जाम हो जाता है। शाम के समय यह समस्या और खतरनाक हो जाती है। कई बार वाहनों के आपस में टकराने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस और नगर पालिका दोनों इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जबकि शहर में छोटे-छोटे ठेला लगाने वालों और साधारण दुकानदारों पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका लाठी-डंडे के साथ उतर पड़ती है, वहीं रसूखदार व्यापारियों के अतिक्रमण पर उनकी आंखें बंद रहती हैं।
बीपीएल चौराहे पर यातायात की यह बदहाल स्थिति आम हो गई है। जाम लगना रोजमर्रा की बात बन चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं। नागरिकों का सवाल है — क्या सिर्फ आम आदमी के व्यवसाय पर ही कार्रवाई होती है, जबकि बड़े नामों के अतिक्रमण को नजरअंदाज कर दिया जाता है?
यातायात पुलिस हाइवे पर, शहर में व्यवस्था ठप
यातायात पुलिस अक्सर हाइवे पर शरणम् होटल के यहां चैकिंग प्वाइंट लगाकर वाहनों को चेक करती हुई दिखाई देती है। लेकिन शहर में सरेआम नो पार्किंग में पार्किंग होते वाहन, नो एंट्री में बड़े बड़े ट्रकों की एंट्री और सड़को पर होती दुकानो की पार्किंग पर इनकी नजर नहीं जाती है। यही कारण है कि आज शहर के अधिकांश इलाकों में जाम की स्थिति बनी रहती है।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।








