शामगढ़। जिले की शामगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। ग्राम सुरजना में पकड़ी गई ‘एमडी ड्रग्स फैक्ट्री’ का मुख्य सूत्रधार प्रधान सिंह को उसके दो साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 245 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 लाख 49 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को 2 अप्रैल को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध व्यक्ति रेलवे ग्राउंड के पास अवैध मादक पदार्थ लेकर खड़े हैं और ट्रेन के जरिए दिल्ली या पंजाब भागने की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने तुरंत टीम गठित की और घेराबंदी कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम –
– प्रधान सिंह (28) — निवासी नलखेड़ा (मुख्य आरोपी)
– भगवान सिंह उर्फ बबलू (27) — निवासी नलखेड़ा
– दिलीप सिंह (33) — निवासी खेजड़िया मेघा
पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि प्रधान सिंह सुरजना एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का मुख्य मास्टरमाइंड है। उसी ने ड्रग्स निर्माण के लिए केमिकल सप्लाई किए थे, जिनसे 12 किलोग्राम से ज्यादा एमडी मिश्रण तैयार किया गया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। राजस्थान के झालावाड़ जिले में भी उसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब प्रधान सिंह से विस्तृत पूछताछ कर ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में जुटी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









