लोकायुक्त इंदौर की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए विकासखंड समन्वयक महेंद्र सिंह राठौर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्कूल में बालिका शौचालय की मरम्मत के काम के लिए 5000 रूपए की रिश्वत लेते पकड़ाए

इंदौर। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने स्कूल में बालिका शौचालय की मरम्मत के काम के लिए रिश्वत मांगने वाले दो अधिकारियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। मुख्य आरोपी विकासखंड श्रोत समन्वयक (बीआरसी) महेंद्र सिंह राठौर को आज दोपहर बड़वानी रोड, राजपुर स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम के पास से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

आरोपी जितेंद्र सोनी, शासकीय प्राथमिक विद्यालय खत्री फल्या-पिपलधार तहसील निवाली, जिला बड़वानी में प्राथमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं। उन्होंने लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक विपुस्था श्री राजेश सहाय को शिकायत की थी कि उनकी स्कूल में बालिका शौचालय की रिपेयरिंग के लिए स्कूल मद से 20,000 रुपये स्वीकृत हुए थे। तकनीकी समस्या के कारण राशि आहरित नहीं हो सकी, इसलिए उन्होंने अपनी जेब से काम पूरा करा लिया।

जब कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र जमा करने की बारी आई तो सब इंजीनियर अश्विन डागर, जनपद शिक्षा केंद्र ठीकरी, प्रभार जनपद शिक्षा केंद्र निवाली और विकासखंड श्रोत समन्वयक महेंद्र सिंह राठौर ने 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत की तस्दीक पर सब इंजीनियर ने राशि बीआरसी को देने को कहा। इसके बाद बीआरसी राठौर ने शिक्षक जितेंद्र सोनी से 5,000 रुपये की मांग की, जिसमें सब इंजीनियर डागर, डीपीसी कार्यालय बड़वानी के सहायक यंत्री और खुद का हिस्सा शामिल था। राशि आज ही देने का दबाव बनाया गया।

आज 18 मार्च 2026 को लोकायुक्त इंदौर ने तत्काल ट्रैप दल गठित किया। बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर ने शिक्षक को बड़वानी रोड राजपुर स्थित एसबीआई एटीएम पर बुलाया (जहां आरोपी का निवास भी है)। जैसे ही आरोपी ने 5,000 रुपये की रिश्वत की रकम ले ली, आसपास तैनात लोकायुक्त दल ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद अग्रिम कार्यवाही राजपुर के रेस्ट हाउस में की जा रही है।

दोनों आरोपी महेंद्र सिंह राठौर और अश्विन डागर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत लोकायुक्त विपुस्था इंदौर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर सुनील तालान , प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक आशीष नायडू, रामेश्वर निंगवाल, कमलेश परिहार, मनीष माथुर शामिल रहे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!