मंदसौर। जिले के गरोठ पुलिस थाना परिसर में थाना प्रभारी हरिश मालवीय पर बिना किसी वन विभाग या शासन की अनुमति के 50 से अधिक बबूल व अन्य पेड़ काटने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि कटे पेड़ों की लकड़ी को बिना नीलामी के सीधे ठेकेदारों को बेच दिया गया। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी मंडल गरोठ के अध्यक्ष गोकुल सिंह चौहान ने आज कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में गोकुल सिंह चौहान ने बताया कि 12 मार्च 2026 को जनता से प्राप्त वीडियो साक्ष्य के आधार पर यह जानकारी सामने आई। वीडियो में दिखाया गया है कि थाना परिसर में मौजूद 50 से अधिक पेड़ बिना वैधानिक प्रक्रिया के काटे जा रहे हैं। उन्होंने यह शिकायत पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज, पुलिस अधीक्षक मंदसौर समेत अन्य अधिकारियों को भी भेजी थी।

क्या है आरोप का मुख्य कारण
शिकायतकर्ता के अनुसार, थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिसकर्मियों के लिए नए आवास भवन बनाने के लिए जगह बनाई जा रही है। वहीं गरोठ शासकीय सीएम राइज स्कूल के नए भवन निर्माण के लिए भी पेड़ काटे जा रहे हैं। लेकिन शासन के नियमों के अनुसार नए भवन निर्माण से पहले वन विभाग या कलेक्टर से अनुमति लेना अनिवार्य है। गोकुल सिंह चौहान ने लिखा कि न तो ऐसी कोई अनुमति ली गई और न ही कटे पेड़ों की लकड़ी की नीलामी की गई। सीधे लकड़ी ठेकेदारों को बेच दी गई, जो गंभीर अपराध है।
शिकायत के नोट में साफ लिखा गया है कि आज 13 मार्च 2026 को सुबह 6 बजे से भी थाना परिसर में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का कार्य चल रहा है।
अंत में गोकुल सिंह चौहान ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि थाना प्रभारी हरिश मालवीय के खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









