नीमच। जगत जननी आरोग्य देवी महामाया आवरी माताजी मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले में बिजली की अव्यवस्था और अपर्याप्त वोल्टेज की समस्या अब दूर हो जाएगी। क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार ने मेला समिति के अनुरोध पर विधायक निधि से 1 लाख 25 हजार रुपये स्वीकृत कर नवीन ट्रांसफार्मर लगाने की मंजूरी दे दी है।
मेला समिति ने चैत्र नवरात्र के दौरान हर वर्ष होने वाली बिजली की दिक्कतों को लेकर कुशाभाऊ ठाकरे मंडल अध्यक्ष किशोर दास बैरागी और दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर के माध्यम से विधायक के समक्ष अनुरोध रखा था। दोनों नेताओं के अथक प्रयासों के बाद विधायक दिलीप सिंह परिहार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस राशि की स्वीकृति प्रदान की।

मंदिर एवं मेला समिति के साथ-साथ श्रद्धालुओं में इस घोषणा से हर्ष का माहौल है। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर साल मेले के दौरान दूर-दूर के खेतों पर कृषि कार्य हेतु लगे ट्रांसफार्मरों से केबल डालकर बिजली की व्यवस्था करनी पड़ती थी, जिससे वोल्टेज कम रहता था और अव्यवस्था बनी रहती थी। अब माताजी मंदिर परिसर में ही पर्याप्त वोल्टेज वाला नवीन ट्रांसफार्मर लगने से यह स्थायी समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि जनसुविधा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मंदिर मेले की बिजली समस्या का त्वरित समाधान किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









