रतलाम। प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार दोपहर ग्लोबस सिटी कॉलोनी में छापेमारी कर 1610 लीटर नकली घी बरामद किया है। पूरे मकान को सील कर दिया गया है।
मकान महाकाल ट्रेडर्स के नाम से चल रहा था। यहां यूपी के मुजफ्फरपुर से मंगाए गए यूपी फ्रेश और मदर बेस्ट ब्रांड के पैकेटों को देशी घी बताकर 310 रुपये लीटर की दर से बेचा जा रहा था। पैकिंग इतनी बेहतरीन थी कि देखने वाले को असली देशी घी ही लगता।

उपभोक्ता की शिकायत पर हुई कार्रवाई
एक उपभोक्ता की शिकायत पर नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता और अन्य अधिकारियों की टीम दोपहर करीब 3 बजे मकान पर पहुंची। मकान में 200 ग्राम, 400 ग्राम से लेकर बड़े डिब्बों में भरे घी के पैकेट भरे पड़े थे।
व्यापारी का कहना है-
महाकाल ट्रेडर्स के संचालक विक्रांत त्यागी से पूछताछ में उसने बताया कि वह मुजफ्फरपुर की सिद्धि ट्रेडर्स और मां वैष्णोदेवी ट्रेडर्स से घी मंगवाता है। ट्रांसपोर्ट से आता है। वह 310 रुपये लीटर में खरीदता है और बाजार में भी लगभग उसी रेट पर बेचता है। कम कीमत और पैकेट पर “देशी घी” लिखा होना अधिकारियों को संदिग्ध लगा।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता ने बताया,
“सस्ते दाम पर बेचे जा रहे घी की शिकायत मिली थी। जांच में पूरी खेप नकली पाई गई। रिपोर्ट आने तक घी जब्त रखा गया है।”
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









