जावरा। पिपलियाजोधा क्षेत्र में कथित देह व्यापार के विरोध को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में पिपलियाजोधा के ग्रामीणों ने माननखेड़ा पुलिस चौकी का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि दिनांक 18 जनवरी 2026 को ग्राम पाम पिपलियाजोधा में देह व्यापार के मुद्दे को लेकर ग्रामीणों एवं बांचड़ा समाज के लोगों के बीच पत्थरबाजी की घटना हुई थी। इस गंभीर घटना के संबंध में ग्रामीणों द्वारा पुलिस चौकी में आवेदन दिए गए थे, लेकिन आवेदन पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त था।
इसी के चलते शुक्रवार दिनांक 30 जनवरी 2026 को दोपहर 12:15 बजे करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ग्राम पिपलियाजोधा पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए पैदल रैली के रूप में माननखेड़ा पुलिस चौकी पहुंचे। वहां सीएसपी युवराज सिंह चौहान एवं नायब तहसीलदार वैभव जैन को ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में कथित देह व्यापार पर तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाए, पूर्व में हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









