बुजुर्ग महिला से लूट के मामले में गरोठ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से हुई लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई सोने की बालियां और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस सराहनीय कार्य के लिए थाना प्रभारी और उनकी टीम की प्रशंसा की जा रही है।

घटना 17 जनवरी 2026 की है, जब फरियादी मोहनबाई पति रामप्रसाद मेघवाल उम्र 62 वर्ष, निवासी फूलखेड़ा, थाना गरोठ अपने खेत पर बने कुएं के पास काम कर रही थीं। दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। एक व्यक्ति ने उतरकर उनसे पानी मांगा, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल पर बैठा रहा। जैसे ही मोहनबाई ने पानी पिलाया, व्यक्ति ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में चोट लगी। आरोपी ने उनके दोनों कानों से सोने की बालियां खींच लीं, जिससे कान फट गए और खून बहने लगा।

मोहनबाई ने विरोध किया तो आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उनके हाथ में पहने कड़े से माथे, गाल, नाक और आंख पर हमला किया, जिससे गंभीर चोटें आईं। महिला के चिल्लाने पर आरोपी ने उनका मुंह और गला दबाया, लेकिन वे खुद को छुड़ाकर जोर से चिल्लाईं। इसके बाद आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। लूटी गई सोने की पुरानी बालियां करीब 10 ग्राम की थीं, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। मोहनबाई की रिपोर्ट पर गरोठ थाने में अपराध क्रमांक 24/2026 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 309(6) BNSS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील और एसओओपी शिफ्ट इंचार्ज विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय ने टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

इस जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
1.श्यामनाथ पिता मन्नानाथ जाति नाथ कल्बेलिया उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सेमली दिवान, थाना गरोठ, जिला मंदसौर
2.राजेंद्र उईके पिता कथकु उईके उम्र 44 वर्ष, निवासी धनोरा, थाना धनोरा, जिला सिवनी

पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई सोने की बालियां जिसकी कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई HF डिलक्स मोटरसाइकिल (लाल पट्टी वाली, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये) बरामद की। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।

इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय और उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया है और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को बधाई दी है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!