जीरन। नगरपरिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी विकास डावर ने जीरन क्षेत्र में स्थित पेयजल सप्लाय प्लांटों का निरीक्षण किया। इस दौरान पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले जीरन में स्थित वाटर केन सप्लाय प्लांट का दौरा किया गया, जहां पानी के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच हेतु लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग को भेजा जाएगा। सीएमओ डावर ने बताया कि यह कदम क्षेत्र में पेयजल की शुद्धता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

इसके अलावा, शिवना बर्फ फैक्ट्री जीरन पर संचालित पेयजल केन सप्लायर का भी निरीक्षण किया गया। यहां से भी पानी के सैंपल एकत्रित किए गए, जिन्हें जांच के लिए पीएचई विभाग को प्रेषित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई अनियमितता पाई गई तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह निरीक्षण स्थानीय निवासियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, और परिणाम आने के बाद आगे की रिपोर्ट जारी की जाएगी। नगरपरिषद द्वारा ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रखने की योजना है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









