मंदसौर। जिले में सिन्थेटिक ड्रग्स एमडी और एमडीएमए के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। नई आबादी थाने की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 ग्राम एमडी पाउडर और 5 किलो डोडाचुरा बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन में हुई।
पुलिस के अनुसार, प्रदेश में युवाओं में बढ़ते सिन्थेटिक ड्रग्स के सेवन से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ऐसे तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त एसपी तेरसिंह बघेल और नगर एसपी जितेंद्र सिंह भास्कर के नेतृत्व में नई आबादी थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर ने टीम गठित की।
मुखबीर से मिली विश्वसनीय सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। सूचना के आधार पर आरोपी वसीम पिता आमीन जंगू, जाति मुल्तानी, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम मुल्तानपुरा, थाना वायडीनगर, मंदसौर को पकड़ा गया। उसके पास से कुल 100 ग्राम एमडी पाउडर जिसका बाजार मूल्य लगभग 1 लाख रुपये और 5 किलो डोडाचुरा जिसका बाजार मूल्य 10 हजार रुपये बरामद हुआ। इसके अलावा एक विवो कंपनी का एंड्रॉयड फोन मूल्य 20 हजार रुपये भी जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 05/26 के तहत धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथी फैजान निवासी नयापुरा, मंदसौर के फरार होने की जानकारी दी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव और नई आबादी थाना टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









