इंजीनियर- पार्षद पति के विवाद में आज कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन, काम बंद रखकर ज्ञापन देंगे
मंदसौर। नगर पालिका परिषद कार्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वार्ड नंबर 35 की पार्षद प्रतिभा भैरवे के पति विक्रम भैरवे ने नपा अध्यक्ष के कक्ष में उपयंत्री रोहित कैथवास के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से नपा कर्मचारी आक्रोशित हो गए। उपयंत्री रोहित कैथवास ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी विक्रम भैरवे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

यह है पूरा मामला
उपयंत्री रोहित कैथवास उम्र 35 वर्ष, पिता छोटेलाल कैथवास, निवासी अभिनंदन कॉलोनी ने पुलिस को शिकायत की जिसमें बताया कि वे नगर पालिका में उपयंत्री के पद पर कार्यरत हैं। 5 जनवरी को दोपहर करीब 3:45 बजे ड्यूटी के दौरान विक्रम भैरवे उन्हें नपा अध्यक्ष के कक्ष में बुलाया और एक फाइल की स्थिति के बारे में पूछा। रोहित ने बताया कि फाइल शासकीय वकील की राय के लिए भेजी गई है और राय आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस जवाब से नाराज विक्रम ने गाली-गलौज की, शासकीय कार्य में बाधा डाली और 8-10 थप्पड़ मारे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान कर्मचारी श्यामलाल धनोतिया, अजय मरोठिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।
पुलिस ने रोहित का मेडिकल परीक्षण कराया और विक्रम भैरवे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221, 121(1), 296(बी) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
पार्षद पति का पक्ष
विक्रम भैरवे ने अपना पक्ष रखते हुए कहा, “मैं केवल अपने वार्ड की फाइल की जानकारी लेने गया था। इंजीनियर ने मेरे साथ बदतमीजी की और जानकारी देने से इनकार कर दिया।”
नपा की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह घटना नगर पालिका में जनप्रतिनिधियों के बजाय उनके पति या पुत्रों के हस्तक्षेप की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों को उजागर करती है। निर्दलीय पार्षद सुनील बंसल और नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने पहले भी इस मुद्दे पर आरोप लगाए हैं कि कानूनी रूप से यह पूरी तरह गैरकानुनी है।
नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने कहा, “पूरी नगर पालिका वर्तमान में जनप्रतिनिधियों की बजाय उनके प्रतिनिधियों के भरोसे चल रही है। अध्यक्ष के कक्ष में पार्षद प्रतिनिधि द्वारा मारपीट करना बिलकुल गलत है। इसके पीछे के हालात ठीक नहीं हैं। आम नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।”
कर्मचारियों में लंबे समय से इस तरह के हस्तक्षेप को लेकर नाराजगी है, लेकिन नपा अध्यक्ष के पुत्र राजेश गुर्जर की सक्रियता के कारण अन्य प्रतिनिधियों को भी शह मिली हुई है। इस घटना ने नपा की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









