शासकीय जमीन पर शेड बनाने के विवाद में चली गोलियां, तीन घायल एक की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गरोठ में ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
गरोठ । गरोठ पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम ढाकनी में आज सुबह शासकीय जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया की यह गोलीकांड में तब्दील हो गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार ग्राम ढाकनी निवासी बालराम और उसके परिवार का विवाद शासकीय भूमि पर शेड निर्माण को लेकर हुआ। इस दौरान हुए विवाद में गोली चल गई, जिसमें सुगना बाई पति बालाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पति बालाराम पिता रामगोपाल और बेटा सुखदेव पिता बालाराम घायल हो गए।
घायलों में मृतिका के ससुर रामगोपाल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा के लिए मन्दसौर जिला चिकित्सालय रैफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गरोठ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी अभिषेक आनंद से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक पुलिस ने तीन चार संदिग्ध लोगों को राउण्ड अप किया है। बाकी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। एसपी ने वैधानिक कार्रवाई की बात कही।
जानिए क्या है विवाद का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलराम का बैंड व्यवसाय है। घटना के समय वह शासकीय भूमि पर अपनी गायों के लिए शेड बना रहा था, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस गोलीकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
गरोठ में ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
ढाकनी गांव में हुई घटना में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने गरोठ में शव रखकर चक्काजाम किया। बताया जा रहा है कि ग्रामीण आरोपियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई और घर तोड़ने की बात पर अड़े हुए है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!