मंदसौर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंदसौर इकाई ने शनिवार को शासकीय महाविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर कॉलेज की सर्वे नंबर 606/1 पर स्थित छात्रावास की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे के खिलाफ आवाज बुलंद की। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन आरक्षित भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जा कर छात्रों के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है।
आंदोलन और मांगें: अभाविप ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जे को तत्काल हटाया जाए और नक्शे के आधार पर भूमि का सीमांकन किया जाए। इस संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री मध्य प्रदेश शासन, जिला कलेक्टर और शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया। जिला संयोजक चंद्रराज सिंह पंवार ने ज्ञापन का वाचन किया।

अभाविप ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन, चक्काजाम और कलेक्ट्रेट घेराव जैसे कदम उठाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। अभाविप ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष हर स्तर पर जारी रहेगा।
इस मामले में पूर्व में जनभागीदारी अध्यक्ष नरेश चंदवानी ने भी शासकीय महाविद्यालय की करोड़ों की जमीन से अतिक्रमण हटाने का दावा किया गया था।
चंदवानी ने मीडिया में प्रेस नोट जारी कर बताया था कि – नगर के कुछ तथाकथित लोगो द्वारा नई आबादी अफीम गोदाम रोड की शासकीय महाविद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया जा रहा था। जिसे सूचना मिलने पर शासकीय महाविद्यालय मंदसौर जनभागीदारी अध्यक्ष नरेश चंदवानी और अभाविप के छात्र मौके पर पहुंचे और कॉलेज की जमीन से अतिक्रमण हटवाया और कॉलेज की करोडों की जमीन अतिक्रमण से मुक्त करवाई।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









