दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। जावरा नगरपालिका इन दिनों विरोध और धरना-प्रदर्शनों का केंद्र बनी हुई है। लगातार दो दिनों तक अलग-अलग मुद्दों को लेकर हुए प्रदर्शनों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले दिन जनप्रतिनिधियों का आक्रोश सामने आया, तो दूसरे दिन कर्मचारियों ने वेतन को लेकर मोर्चा खोल दिया।
10 फरवरी मंगलवार को भाजपा के पार्षद और नेता नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठ गए। पार्षदों का आरोप था कि वार्डों में विकास कार्य समानता के आधार पर नहीं हो रहे हैं। कुछ वार्डों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य वार्डों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। पार्षदों ने यह भी कहा कि विधायक के कहने के बावजूद नगर पालिका में उनकी समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वहीं अगले ही दिन 11 फरवरी बुधवार को नगर पालिका के कुछ अधिकारी और कर्मचारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के चेंबर के सामने धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धरने के दौरान कर्मचारियों ने “हम अपना अधिकार मांगते हैं, किसी से भीख नहीं” जैसे नारे भी लगाए।
लगातार दो दिनों में हुए इन प्रदर्शनों से नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचना स्वाभाविक है। जब एक ओर विपक्षी पार्षद नाराज हों और दूसरी ओर कर्मचारी अमला भी असंतुष्ट हो जाए, तो नगर पालिका का सुचारु संचालन चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
स्थिति को संभालने के लिए सत्ता पक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के बीच समन्वय बनाने के प्रयास शुरू किए गए। धरना स्थल पर पहुंचे मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि एक-दो दिन के भीतर वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कर्मचारियों को बताया कि शासन से चूंगी क्षतिपूर्ति की राशि कम मिलने के कारण वेतन भुगतान में देरी हो रही है। फिलहाल आश्वासन के बाद स्थिति शांत जरूर हुई है, लेकिन दो दिन में दो अलग-अलग प्रदर्शनों ने नगर पालिका की अंदरूनी समस्याओं को उजागर कर दिया है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








