उज्जैन। आर्थिक अपराध शाखा भोपाल ने नगर परिषद सुसनेर में हुए भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने लाया है। वर्ष 2023 में मात्र पांच ई-रिक्शा की खरीदी में ही बाजार मूल्य से 16 लाख 20 हजार 285 रुपये का अति-भुगतान किया गया। इस घोटाले में नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सिसोदिया और तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी जगदीश भैरवे समेत अन्य अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई है।
EOW के अनुसार, जेम पोर्टल के माध्यम से मेसर्स अरिहंत कंस्ट्रक्शन सुसनेर से पांच ई-रिक्शा (गुलमोहर ब्रांड) खरीदे गए थे। प्रत्येक ई-रिक्शा की अनुबंधित कीमत 4 लाख 81 हजार 200 रुपये बताई गई, जबकि विभागीय जांच में बाजार मूल्य मात्र 1 लाख 57 हजार 142 रुपये प्रति यूनिट पाया गया। इस तरह एक ई-रिक्शा पर ही 3 लाख 24 हजार 57 रुपये अधिक भुगतान किया गया और कुल पांच ई-रिक्शा में 16 लाख 20 हजार 285 रुपये का घोटाला सामने आया। कुल अनुबंध राशि 24 लाख 6 हजार रुपये थी, जिसमें से 16 लाख 57 हजार 342 रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।

इसी तरह वर्ष 2022 में 44 हाथ कचरा गाड़ियों की खरीदी में भी निविदा प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और लेखा नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया। कुल राशि 3 लाख 57 हजार 138 रुपये की इस खरीदी में भी अनियमितताएं सामने आई हैं।
आर्थिक अपराध शाखा ने शिकायत क्रमांक 85/2024 के आधार पर अध्यक्ष लक्ष्मी सिसोदिया, तत्कालीन अधिकारी जगदीश भैरवे और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 409, 120-बी तथा भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 13(1)(e) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पाया गया कि आरोपी अधिकारियों ने आपस में मिलकर पद का दुरुपयोग किया और निगम व शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








