100 पेटी माउंटेन 6000 बीयर जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार और तीन फरार; शराब और वाहनों सहित 22.88 लाख रुपए का मश्रुका जब्त
दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ रावटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से 100 पेटी अवैध बीयर जब्त की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप और महिंद्रा एक्सयूवी-500 को पकड़ा। दोनों वाहनों से करीब 1200 बल्क लीटर माउंटेन 6000 बीयर बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बीयर और दोनों वाहनों सहित कुल 22 लाख 88 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया है।

8 लेन से देवापाड़ा-चैनपुरा मार्ग पर पहुंच रही थी खेप
पुलिस के अनुसार 24 नवंबर को रावटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 8 लेन के रास्ते दो वाहनों में भारी मात्रा में अवैध बीयर का परिवहन किया जा रहा है। दोनों वाहन ग्राम देवापाड़ा-चैनपुरा मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना रावटी पुलिस ने देवापाड़ा-चैनपुरा आम रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान आगे चल रही सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक MP-11-G-4706 और पीछे आ रही सिल्वर रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार क्रमांक MP-09-CV-7770 को रोककर तलाशी ली गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन अंधेरे में हुए फरार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान बोलेरो पिकअप में सवार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वहीं एक्सयूवी कार चालक महेश पिता उदय सिंह कटारा (28), निवासी ग्राम परवलिया, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया। शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पंचों की मौजूदगी में दोनों वाहनों की तलाशी ली गई।
100 पेटियों में मिली 1200 बल्क लीटर बीयर
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से माउंटेन 6000 ब्रांड की कुल 100 पेटियां बरामद हुईं। इनमें करीब 1200 बल्क लीटर बीयर भरी हुई थी। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया। जब्त शराब और वाहनों की कुल कीमत करीब 22 लाख 88 हजार रुपए आंकी गई है।
कहां से आई शराब, कहां होनी थी सप्लाई?
मामले में थाना रावटी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है कि बीयर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अब इस अवैध शराब परिवहन से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसमें उपनिरीक्षक गल सिंह भावेल, सहायक उपनिरीक्षक पारसिंह वसुनिया, प्रधान आरक्षक आशीष धनक तथा आरक्षक अवधेश सिंह परमार और प्रेम कटारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








