नशे के कारोबार पर पुलिस का आर्थिक प्रहार, जावरा के आदिल खान की 2.80 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी मामले में SAFEMA प्राधिकरण की कार्रवाई, कृषि भूमि और सात व्यावसायिक भूखंडों पर लगी रोक; रतलाम पुलिस अब तक 50.94 करोड़ की संपत्तियां करा चुकी है फ्रीज

जावरा/रतलाम। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रतलाम पुलिस ने अब तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। 252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी के मामले में जावरा निवासी आदिल खान की करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की गई है। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक SAFEMA/NDPSA मुंबई ने 23 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत यह कार्रवाई की। इसके बाद संबंधित संपत्तियों के हस्तांतरण, बिक्री और लेन-देन पर रोक लग गई है।

252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार जावरा की महावीर कॉलोनी निवासी आदिल खान पिता आबिद खान के खिलाफ 252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा (पोस्त भूसा) की तस्करी के मामले में कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान तस्करी से अर्जित संपत्तियों की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने उन्हें फ्रीज कराने के लिए SAFEMA प्राधिकरण के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। प्रकरण की कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने करीब 2.80 करोड़ रुपए की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की।

कृषि भूमि सहित सात व्यावसायिक भूखंडों पर कार्रवाई
पुलिस द्वारा चिह्नित संपत्तियों में करीब 60 लाख रुपए मूल्य की कृषि भूमि, लगभग 2 करोड़ रुपए मूल्य के छह व्यावसायिक भूखंड और 20 लाख रुपए मूल्य का एक अन्य व्यावसायिक भूखंड शामिल है। इस तरह कुल सात व्यावसायिक भूखंडों और कृषि भूमि का अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 80 लाख रुपए है।

136 करोड़ से अधिक की संपत्तियों के प्रकरण SAFEMA भेजे
रतलाम पुलिस नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार अब तक 136 करोड़ 51 लाख रुपए से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के प्रस्ताव SAFEMA प्राधिकरण के समक्ष भेजे जा चुके हैं। इनमें से करीब 50 करोड़ 94 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।

तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से खड़ी की गई संपत्तियों पर भी कार्रवाई करना है। पुलिस का मानना है कि तस्करों की अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने से नशे के कारोबार के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर किया जा सकेगा।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक सुनीता जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी और आपराधिक कार्रवाई के साथ अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज कराने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!