बाल दिवस पर विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक
मंदसौर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंदसौर द्वारा आज बाल दिवस के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर, मंदसौर में न्यायोत्सव–विधिक सेवा सप्ताह 2026 एवं 15 दिवसीय नशामुक्ति जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंदसौर श्री अनीष कुमार मिश्रा द्वारा की गई। इस अवसर पर माननीय जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सिद्धार्थ तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र भास्कर, भारतीय आदर्श शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष श्री राजदीप जी परवाल, प्राचार्या डॉ सरोज प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा न्यायोत्सव एवं DAWN (Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug-Free India) योजना, 2025 के अंतर्गत संचालित नशामुक्ति अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इन अभियानों का उद्देश्य आमजन एवं विशेषकर विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अनीष कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अतः उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अपनी भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है। अच्छे संस्कार, नैतिक आचरण एवं अनुशासन ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं को जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सिद्धार्थ तिवारी द्वारा पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), साइबर कानून एवं किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बाल अधिकारों, लैंगिक अपराधों से संरक्षण, साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र भास्कर ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की DAWN योजना, 2025 के अंतर्गत 15 दिवसीय नशामुक्ति जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया, जो 14 नवंबर से आगामी 15 दिनों तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि न्यायोत्सव–विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन 14 से 20 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर, मैराथन दौड़, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में सरस्वती विहार शैक्षिक संस्थान के प्रबंधक व समिति के सहसचिव महोदय श्री सुनील जी शर्मा, सैनिक विद्यालय के प्राचार्य श्री अविनाश जी चतुर्वेदी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यगण, प्राध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








