वात्सल्य स्कूल के विद्यार्थियों ने इंदौर में दिखाया जलवा, गेम जैम प्रतियोगिता में हासिल किया तीसरा स्थान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माधव पंवार और शिविन जोशी ने कोडिंग एवं 3D गेम डिजाइनिंग से निर्णायकों को किया प्रभावित, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित

मंदसौर। वात्सल्य पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। इंदौर के चोइथराम स्कूल में आयोजित दो दिवसीय यूईएफएन गेम जैम प्रतियोगिता में वात्सल्य स्कूल की कक्षा 12वीं के विद्यार्थी माधव पंवार और शिविन जोशी ने तृतीय स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की।

प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थियों ने अपनी कोडिंग और 3D गेम डिजाइनिंग की प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ‘स्लाइस ऑफ यूनिटी’ नाम से एक गेम तैयार किया। यह गेम सहानुभूति और ‘Everyone Belongs Here’ (सभी के लिए स्थान) की अवधारणा पर आधारित था। गेम की परिकल्पना में खिलाड़ियों को एक अंधेरी और टूटी हुई दुनिया में दोबारा रोशनी लाने का लक्ष्य दिया गया। विद्यार्थियों ने तकनीकी कौशल के साथ अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच का भी परिचय दिया। उनके इस प्रोजेक्ट को प्रतियोगिता के निर्णायकों ने सराहा।

इस उपलब्धि पर माधव पंवार और शिविन जोशी को ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस प्रदान किया गया। साथ ही विश्व प्रसिद्ध गेमिंग कंपनी एपिक गेम्स की ओर से भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।

विद्यार्थियों को नवाचार से जोड़ने के प्रयासों का परिणाम
वात्सल्य पब्लिक स्कूल की यह उपलब्धि विद्यार्थियों को पारंपरिक किताबी शिक्षा के साथ तकनीक, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के विद्यालय के प्रयासों को दर्शाती है। स्कूल में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और कौशल पहचानने के साथ उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से निखारने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इसी का परिणाम है कि विद्यार्थी नई तकनीकों में दक्षता हासिल कर बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं।

विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए माधव पंवार और शिविन जोशी को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!