सेवा संकल्प अभियान की बैठक से मीडिया को रखा दूर!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है, उसकी तैयारियों से ही पत्रकारों को रखा बाहर

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंगलवार को नगरपालिका सभागृह में शासकीय विभाग प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय, जिला महामंत्री महेश सोनी, पांचों भाजपा मंडल अध्यक्ष, प्रभारी एसडीएम कृष्णपाल सिंह बघेल, नपा सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस सहित विभिन्न शासकीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

लेकिन बैठक की शुरुआत से ही एक सवाल चर्चा का विषय बन गया—जिस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी और व्यापक प्रचार-प्रसार बताया जा रहा है, उसी अभियान की महत्वपूर्ण बैठक से मीडिया को आखिर दूर क्यों रखा गया?

विधायक ने ही पूछ लिया—क्या मीडिया को सूचना नहीं दी गई?
मामला तब और गंभीर हो गया, जब बैठक के दौरान विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने स्वयं प्रभारी एसडीएम कृष्णपाल सिंह बघेल से सवाल कर दिया कि क्या मीडियाकर्मियों को बैठक की सूचना नहीं दी गई?
विधायक के इस सवाल ने बैठक में पत्रकारों की गैरमौजूदगी को लेकर उठ रहे सवालों को और हवा दे दी। आखिर जब अभियान की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है, तो अभियान की तैयारियों से पत्रकारों को ही अलग रखने की जरूरत क्यों पड़ी?

एसडीएम की सफाई—‘हार्ड एंड फास्ट’ हुई प्रक्रिया
इस संवाददाता द्वारा प्रभारी एसडीएम कृष्णपाल सिंह बघेल से पत्रकारों को बैठक में आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि बैठक की प्रक्रिया इतनी ‘हार्ड एंड फास्ट’ रही कि कुछ जनप्रतिनिधियों तक को भी इसकी सूचना नहीं मिल सकी।
उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में मीडिया के सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी और जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। मीडियाकर्मियों के साथ भी बैठक किए जाने की बात उन्होंने कही।

पहली बैठक में ही सवाल खड़ा हुआ, आगे क्या होगा?
अब सवाल यह है कि जब अभियान का लक्ष्य जन-जन तक पहुंचना है, जनभागीदारी सुनिश्चित करनी है और प्रचार-प्रसार में मीडिया का सहयोग लेना है, तो पहली ही महत्वपूर्ण बैठक में मीडिया को सूचना देना क्यों जरूरी नहीं समझा गया?
क्या यह महज जल्दबाजी में हुई बैठक का परिणाम था या फिर प्रशासनिक स्तर पर समन्वय की कमी?
फिलहाल सफाई सामने आ गई है, लेकिन सवाल अभी भी कायम है—जनभागीदारी वाले अभियान की शुरुआत में ही मीडिया की भागीदारी क्यों नहीं?

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!