ट्रैक्टर-ट्रॉली से 2 क्विंटल 80 किलो डोडाचूरा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माननखेड़ा पुलिस की कार्रवाई, 19 लाख रुपए का मशरूका जब्त

रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रिंगनोद थाना पुलिस की माननखेड़ा चौकी ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली से 280 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा ट्रैक्टर
11 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध डोडाचूरा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर माननखेड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश मालवीय एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका।
तलाशी के दौरान उसमें से 280 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से प्रमोद पिता नरेंद्र कुमार दुबे उम्र 48, निवासी ताजखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया।

19 लाख रुपए का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 280 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए, तथा लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपए, जब्त किया है। इस तरह पुलिस ने कुल 19 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, थाना प्रभारी रिंगनोद, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, चौकी प्रभारी माननखेड़ा, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, सैनिक सुरेश उपाध्याय एवं सैनिक शांतिलाल बामनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!