उज्जैन में दो प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई, घी की गुणवत्ता पर संदेह के चलते नमूने जांच के लिए भेजे
उज्जैन। बाजार में बिक रहे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने उज्जैन शहर के दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 1272 लीटर घी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 10 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। संदेह के आधार पर दोनों प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
सेवकराम घनश्यामदास से 1116 लीटर घी जब्त
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने तिलक मार्ग, दौलतगंज स्थित सेवकराम घनश्यामदास प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां धोलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी नाम से 900 एमएल, 450 एमएल, 180 एमएल तथा 15 किलोग्राम टीन की पैकिंग में घी संग्रहित पाया गया।
बिलों की जांच में उक्त घी की खरीदी इंदौर स्थित भोले बाब मिल्क फूड प्रोडक्ट, 07-बी, उद्योग नगर, नवलखा, इंदौर से किया जाना पाया गया।
घी की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभागीय टीम ने कुल 1116 लीटर घी जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 90 हजार 70 रुपये बताई गई है। टीम ने घी के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।
श्री शिवम इंटरप्राइजेस से 156 लीटर घी जब्त
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंदौर गेट, उज्जैन स्थित श्री शिवम इंटरप्राइजेस का भी निरीक्षण किया। यहां गोवर्धन प्योर घी 1 लीटर एवं 500 एमएल की पैकिंग में संग्रहित पाया गया।
बिलों की जांच में इस घी की खरीदी पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड, जी-1, गोल्डन टॉवर, 18 गोल्डन पैलेस, नियर टी, इंदौर से किया जाना पाया गया।
गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर टीम ने यहां से 156 लीटर घी जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार 372 रुपये है। घी के नमूने लेकर उन्हें भी राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दोनों प्रतिष्ठानों से जब्त किए गए घी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही घी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने या नहीं होने की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में बिकने वाले दूध, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








