नई दिल्ली से मुंबई जा रही थी महिला, ट्रॉली बैग की गुप्त कैविटी में छिपाकर रखा था मादक पदार्थ
रतलाम। राजस्व आसूचना निदेशालय ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रतलाम रेलवे जंक्शन पर एक नाइजीरियाई महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 2 किलोग्राम एम्फेटामिन (Amphetamine) बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है।

DRI को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि नई दिल्ली से मुंबई जाने वाली ट्रेन में सफर कर रही एक महिला तस्कर अपने सामान में मादक पदार्थ छिपाकर ले जा रही है। सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने 6 अगस्त 2026 को रतलाम जंक्शन पर महिला की पहचान कर उसे रोका।
अधिकारियों ने महिला के ट्रॉली बैग की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान बैग में एक गुप्त कैविटी मिली, जिसके भीतर भूरे रंग की प्लास्टिक की एक पैकेट छिपाकर रखा गया था। पैकेट खोलने पर उसमें सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ मिला। मौके पर फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर पदार्थ के एम्फेटामिन श्रेणी का मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई।
DRI ने बरामद 2 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिसकी कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है, जब्त कर लिया। वहीं, नाइजीरियाई महिला को NDPS Act, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
मामले में आगे की जांच जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
DRI ने दोहराया है कि वह भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








