36 घंटे में हत्यारे तक पहुंची बड़ावदा पुलिस: चाकुओं से गोदकर उतारा था मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

6 माह पुरानी रंजिश का खूनी अंत, वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद

जावरा। सिंदुरकिया में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए रतलाम पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर हत्यारे को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छह माह पुराने छेड़छाड़ के मामले की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली।

हाटपिपलिया चौकी एवं बड़ावदा थाना पुलिस को ग्राम सिंदुरकिया के मिडिल स्कूल के पीछे बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल निवासी सिंदुरकिया के रूप में की। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई गंभीर वार के निशान मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी, साइबर इनपुट और मुखबिर तंत्र ने खोला राज
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और लगातार संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के दम पर पुलिस ने 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने ईश्वर उर्फ छोटू उम्र 19 वर्ष निवासी सिंदुरकिया को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।

छेड़छाड़ के पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि करीब छह माह पहले मृतक पर आरोपी की कथित भाभी से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले को लेकर गांव में बार-बार चर्चा होने से आरोपी गहरी रंजिश रखता था। घटना वाले दिन दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर शहनवाज उर्फ साहिल की हत्या कर दी।

इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ावदा थाना, हाटपिपलिया चौकी, साइबर सेल एवं विशेष पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!