15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान में नुक्कड़ नाटक, मलखंभ, योग और शॉर्ट फिल्म के जरिए दिया गया नशामुक्ति का संदेश
दशपुर दिशा । दीपक सोनी

रतलाम। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए गए ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का 15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान गुरुवार को पुलिस लाइन रतलाम स्थित सामुदायिक भवन में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पंद्रो रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और एडीजी/आईजी उज्जैन जोन राकेश गुप्ता के वीडियो संदेश प्रसारित किए गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में साई श्री इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जबकि खेल प्रशिक्षक जितेंद्र धूलिया के मार्गदर्शन में बच्चों ने मलखंभ का आकर्षक प्रदर्शन किया। जादूगर सम्राट ने भी मनोरंजक अंदाज में नशामुक्ति का संदेश दिया। जावरा के युवाओं द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में तैयार शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी विशेष आकर्षण रहा।
अभियान के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं, पोस्टर, रंगोली, निबंध, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ अभियान को सफल बनाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। अभियान का संदेश रहा— “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशे से दूरी है जरूरी, स्वस्थ जीवन है जरूरी।”
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








