हस्ताक्षर शपथ के साथ संपन्न हुआ “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान, 24वीं बटालियन ने दिया नशामुक्त समाज का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जावरा। नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से 24वीं बटालियन, जावरा द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का समापन गुरुवार को हस्ताक्षर शपथ अभियान के साथ हुआ। समापन समारोह में उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं अतिथियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर कर अभियान को नई दिशा प्रदान की।
समारोह में कमांडेंट श्री विनोद कुमार सिंह ने अपने ऑडियो संदेश के माध्यम से अभियान के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों में आयोजित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक संदेश पहुंचा है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने वाले अधिकारियों, जवानों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

अभियान के दौरान समाज को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए पैदल रैली, बाइक रैली, पोस्टर एवं पंपलेट वितरण, नुक्कड़ नाटक, महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम, बैंड वादन के माध्यम से जनसंदेश, बच्चों की पेंटिंग एवं ड्राइंग प्रतियोगिता, बस स्टैंड पर आमजन को नशामुक्ति की शपथ तथा मैराथन दौड़ जैसे अनेक प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

समापन समारोह में हार्टफुलनेस संस्थान, हैदराबाद से पधारे हरिओम वर्मा, हॉर्टिकल्चर प्रोफेसर सुनील सोनी एवं सुबोध शर्मा ने अधिकारियों एवं जवानों को मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन और सकारात्मक सोच ही नशामुक्त समाज की मजबूत नींव है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बंशीलाल पोरवाल एवं उनके साथी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बटालियन के उपसेनानी मनोहर सिंह बारिया, सहायक सेनानी यशपाल कुठरे, निरीक्षक उमाशंकर गर्ग, क्वार्टर मास्टर प्रभारी सुनील वास्केल, सूबेदार जॉन बड़किया, देवीसिंह गरवाल सहित बटालियन के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने हस्ताक्षर शपथ अभियान में भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने, युवाओं को नशे की लत से दूर रखने तथा भविष्य में भी जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “नशे से दूरी है ज़रूरी” के सामूहिक संदेश के साथ हुआ, जिसने समाज में जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!