6.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति; विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं का होगा विस्तार
दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। जावरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास भवन निर्माण के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र ने 6 करोड़ 30 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की है। इससे क्षेत्र की सैकड़ों छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप 50 सीटर नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास ढोढर तथा 100 सीटर बालिका छात्रावास सुजापुर के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय लंबे समय से भवनविहीन स्कूलों और छात्रावासों के लिए भवन स्वीकृत कराने के प्रयास कर रहे थे।
बताया गया कि जावरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. पांडेय ने मुख्यमंत्री को छात्राओं की समस्याओं से अवगत कराया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों छात्रावासों के निर्माण की घोषणा की। इसके बाद विधायक ने स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर स्वीकृति प्रक्रिया को गति दिलाई।
विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। अब तक क्षेत्र को दो सांदीपनि विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, दो महाविद्यालय और दो बालिका छात्रावास की सौगात मिल चुकी है। आगामी समय में पिपलौदा में जिला स्तरीय दिव्यांग छात्रावास का नया भवन भी बनाया जाएगा, जिसकी स्वीकृति प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी भवनविहीन हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के भवन निर्माण के लिए भी प्रयास जारी हैं और इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
दोनों छात्रावासों की स्वीकृति पर जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, दिनेश पाटीदार, राजेश शर्मा, रितेश जैन, अजय पांडेय, अमित पाठक, बालाराम मालवीय, जगदीश माली, राकेश चौहान सहित अनेक पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह तथा विधायक डॉ.राजेन्द्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








