जावरा। नगर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पुलिस का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया, जिसने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान ने संवेदनशीलता और जनसेवा का परिचय देते हुए एक दिव्यांग महिला की फरियाद सुनने के लिए स्वयं कार्यालय से बाहर आकर सीढ़ियों पर बैठकर उसकी पूरी बात सुनी। उनका यह व्यवहार जनसुनवाई में मौजूद लोगों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।
जानकारी के अनुसार जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांग महिला अपनी समस्या लेकर सीएसपी कार्यालय पहुंची थी। शारीरिक असुविधा के कारण महिला कार्यालय तक नहीं पहुंच सकी। जैसे ही सीएसपी युवराज सिंह चौहान को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के स्वयं बाहर आकर महिला के पास बैठकर उसकी समस्या गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनी।

महिला की शिकायत सुनने के बाद सीएसपी ने संबंधित बीट अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा मामले का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि पीड़िता की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और उसे अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
सीएसपी युवराज सिंह चौहान की इस संवेदनशील पहल की जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि जब अधिकारी स्वयं फरियादी तक पहुंचकर उसकी बात सुनते हैं, तो आमजन का पुलिस पर विश्वास और भी मजबूत होता है।
यह घटना केवल एक शिकायत सुनने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि पुलिस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर दिव्यांग, बुजुर्ग और जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान करना भी है।
सीएसपी युवराज सिंह चौहान की यह पहल जावरा में संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी पुलिसिंग का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई, जिसकी शहरभर में सराहना हो रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








