पूर्व नपा अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने किया मौके का निरीक्षण, सीएमओ से तत्काल मुरम-चूरी डलवाकर राहत और सीसी सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का किया आग्रह
दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा।रेलवे फाटक से विवेकानंद कॉलोनी एवं आसपास की कई कॉलोनियों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। रेलवे अंडरब्रिज के समीप सड़क पूरी तरह जर्जर होने से प्रतिदिन हजारों नागरिकों एवं लगभग तीन हजार स्कूली विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और कीचड़ के कारण स्कूल बस, मिनी डोर, ऑटो-रिक्शा, दोपहिया वाहन तथा पैदल राहगीरों का आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने कहा कि “यह केवल एक सड़क का मामला नहीं, बल्कि प्रतिदिन हजारों लोगों और नन्हे-नन्हे स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। नगर पालिका को इस समस्या का शीघ्र समाधान करना चाहिए।”
स्थानीय नागरिकों के अनुसार रेलवे द्वारा अंडरब्रिज निर्माण के बाद सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बरसात के मौसम में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी भयावह हो गई है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
वार्ड पार्षद भावना कुंवर विश्वास शर्मा ने बताया कि वे लगातार इस सड़क के निर्माण और समस्या के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के संपर्क में हैं तथा सड़क निर्माण का मामला निरंतर उठा रही हैं।
विवेकानंद कॉलोनी निवासी मुकेश सैनी, गोपालजी उपाध्याय सहित अन्य रहवासियों ने सड़क की गंभीर स्थिति से पूर्व नपा अध्यक्ष अनिल दसेड़ा को अवगत कराया। शिकायत मिलने के बाद दसेड़ा ने कॉलोनीवासियों के साथ रेलवे अंडरब्रिज से होटल विश्वास तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह नगर पालिका परिषद की वैध कॉलोनी है, लेकिन इसके बावजूद लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है।

निरीक्षण के दौरान अनिल दसेड़ा ने सड़क किनारे रहने वाली मीना बाई के निवास के बाहर लगभग एक घंटे तक बैठकर यातायात व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक वहां पहुंचे और सड़क की बदहाली के कारण रोजाना होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया।
निरीक्षण के बाद अनिल दसेड़ा ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मोबाइल पर चर्चा कर स्थिति की गंभीरता बताई। उन्होंने अनुरोध किया कि तत्काल राहत के रूप में लगभग 10 डंपर मुरम एवं 10 डंपर चूरी डलवाकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि हजारों नागरिकों और लगभग तीन हजार विद्यार्थियों को राहत मिल सके। साथ ही इस मार्ग के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण का टेंडर जारी कर कार्य प्रारंभ करने की भी मांग की।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने समस्या की गंभीरता को स्वीकार करते हुए शीघ्र स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं समस्या के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि नगर पालिका इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लेते हुए जल्द ही स्थायी निर्माण कार्य शुरू करेगी, जिससे वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हो सके और हजारों नागरिकों तथा स्कूली बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिल सके।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








