दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रतलाम पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस ने घंटाघर स्थित सर्राफा बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर व्यापारियों को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से व्यापारियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा समाज में नशा मुक्ति की अलख जगाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज का प्रभावशाली हिस्सा है और उनके सहयोग से नशा विरोधी अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल सकता है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी सर्राफा व्यापारियों ने नशा न करने, अपने परिवार, कर्मचारियों, परिचितों एवं समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली। साथ ही उन्होंने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प भी व्यक्त किया।
जावरा शहर पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्चक्र से मुक्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस के इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि वे नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









