सेजावता में कॉलोनाइजर पर किसानों का रास्ता कब्जाने का आरोप, बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे एसडीएम कार्यालय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार पंकज पवैया ने किया मौका निरीक्षण, किसानों को जल्द कार्रवाई का भरोसा

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम।जावरा तहसील के ग्राम सेजावता में किसानों के पारंपरिक कृषि मार्ग पर कथित कब्जे को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने एसडीएम को आवेदन सौंपते हुए आरोप लगाया कि एक कॉलोनाइजर द्वारा वर्षों पुराने रास्ते पर दीवार बनाकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे खेतों तक आने-जाने एवं कृषि उपकरण ले जाने में भारी परेशानी हो रही है।

किसानों ने आवेदन में बताया कि यह रास्ता वर्षों से उपयोग में रहा है तथा इसी मार्ग से खेतों तक पहुंचकर खेती-किसानी का कार्य किया जाता है। आरोप है कि रास्ता बंद किए जाने के साथ ही पानी की निकासी भी बाधित कर दी गई है, जिससे बरसात के दौरान किसानों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर जावरा तहसीलदार पंकज पवैया राजस्व अमले के साथ सेजावता पहुंचे। तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित पक्षों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान किसान नेता डीपी धाकड़ सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसान नेता डीपी धाकड़ ने कहा कि यदि समय रहते किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया गया और पारंपरिक रास्ता बहाल नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में किसानों के साथ बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं तहसीलदार पंकज पवैया ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर लिया गया है। राजस्व अभिलेखों एवं तथ्यात्मक स्थिति के आधार पर जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!