नीमच में लोकायुक्त ने आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक और छात्रावास अधीक्षक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दस साल से नीमच में पदस्थ थे जिला संयोजक, स्थानांतरण के बाद भी चल रहा था लेनदेन का काम, रिलीव होने से एक घंटे पहले हुए ट्रैप

नीमच। लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग, नीमच के जिला संयोजक राकेश राठौर और उत्कृष्ट बालक छात्रावास नीमच के अधीक्षक हरीश चौहान को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर विभागीय जांच में सहयोग करने और रुका हुआ वेतन जारी कराने के नाम पर 1.25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कुर्दुला एक्का, अधीक्षिका, जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर जिला नीमच ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि छात्रावास में कथित अनियमितताओं के चलते उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच प्रारंभ की गई थी।
आरोप है कि विभागीय जांच में सहयोग करने तथा उनका पुराना रुका हुआ वेतन जारी कराने के बदले जिला संयोजक राकेश राठौर और अधीक्षक हरीश चौहान ने 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत की राशि हरीश चौहान की पैंट की दाहिनी जेब से बरामद की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा-7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

10 वर्षों से नीमच में पदस्थ थे राकेश राठौर
जानकारी के अनुसार, जिला संयोजक राकेश राठौर पिछले करीब 10 वर्षों से नीमच में पदस्थ थे। हाल ही में उनका स्थानांतरण भी हो चुका था, लेकिन रिलीव होने से पहले ही लोकायुक्त की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल,निरीक्षक हीना डावर,प्रधान आरक्षक हितेश ललावत,आरक्षक उमेश जाटव,आरक्षक श्याम शर्मा,आरक्षक मोहम्मद इसरार,आरक्षक संजीव कुमारिया,कंप्यूटर ऑपरेटर अंजली पुरानिया शामिल थे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!