मन्दसौर। गरोठ नगर परिषद की सक्रियता और विकासपरक सोच का परिणाम अब धरातल पर दिखने वाला है। नगर परिषद की पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) और साधारण सम्मेलन की बैठक में ‘विकास का महा-रोडमैप’ तैयार किया गया है। परिषद ने एक स्वर में नगर के कायाकल्प के लिए करोड़ों रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों को हरी झंडी दे दी है, जो गरोठ के भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित होंगे।
सड़कों का बिछेगा जाल: सुगम होगा आवागमन
नगर के मुख्य बाजारों से लेकर रिहायशी इलाकों तक, परिषद ने सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया है।
सीसी रोड निर्माण- गांधी चौक से सदर बाजार, वार्ड 7 की गलियां, वार्ड 9 में अशोक बैरागी के मकान से बोलिया रोड तक, और शितला माता मंदिर से भानपुरा रोड तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
कनेक्टिविटी-पंचायत भवन से शामगढ़ रोड और बोलिया रोड से छागलदेव महाराज मंदिर तक भी सीसी रोड व नाली निर्माण को मंजूरी दी गई है।
डामरीकरण- शामगढ़ रोड से छागलदेव महाराज मंदिर तक डामर की चिकनी सड़कें सफर को आसान बनाएंगी।
सौंदर्यीकरण और पर्यटन-संवरेगी अंजनी नदी और उद्यान
नप अध्यक्ष राजेश सेठिया के नेतृत्व में गरोठ को सुंदर बनाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं –
अंजनी नदी का कायाकल्प- नदी के सौंदर्यीकरण और नए घाटों के निर्माण से धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को नया स्वरूप मिलेगा।
गार्डन विस्तारीकरण- महाराणा प्रताप गार्डन और अंजनी उद्यान पार्क में अतिरिक्त विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे नगरवासियों को बेहतर मनोरंजन स्थल मिल सकें।
बाजार और बुनियादी ढांचा-बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
परिषद ने न केवल सड़कों, बल्कि आर्थिक विकास पर भी मुहर लगाई है-
व्यापारिक विस्तार- नवीन बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय के पास रिक्त भूमि पर नई दुकानें बनाई जाएंगी, जिससे व्यापार बढ़ेगा।
आधुनिक स्वरूप- शामगढ़ नाका से पीडब्ल्यूडी कार्यालय तक पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और वार्ड 1 में भव्य आरसीसी नाले का निर्माण होगा।
व्यवस्थित हॉट बाजार- बोलिया रोड स्थित हॉट बाजार में बाउंड्रीवाल निर्माण से बाजार अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।

“हमारा लक्ष्य गरोठ को एक आदर्श नगर बनाना है। इस बैठक में लिए गए निर्णय सीधे तौर पर जनता की सुविधाओं और नगर की उन्नति से जुड़े हैं। हम समय सीमा में इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करेंगे।” — राजेश सेठिया, अध्यक्ष, नगर परिषद गरोठ
बैठक में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में नप अध्यक्ष राजेश सेठिया, सीएमओ गिरीश शर्मा, और उपाध्यक्ष महेश मालवीय सहित पीआईसी सदस्य सरोज शर्मा, राजु मगर, अर्जुन बागरी, रेखा पुरी गोस्वामी, सतीश गुजराती और राजेश चौधरी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
साथ ही सांसद प्रतिनिधि दीपक मांदलिया, एल्डरमेन अशोक पहलवान, दिनेश पाटीदार, कैलाश धनोतिया, डॉ.नारायणसिंह चौहान और उपयंत्री राहुल गणावा की मौजूदगी ने विकास के इन प्रस्तावों को मजबूती प्रदान की।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








