सीतामऊ में आक्रोशित व्यापारियों ने किया चक्काजाम, विधायक को बुलाने की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नपाध्यक्ष पर लापता होने का लगाया आरोप, सीएमओ पर आरोप सैलाना से प्रतिदिन करते है अप डाउन

मन्दसौर। नगर परिषद की लापरवाही और गत रात्रि आगजनी की घटना को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश है। आज सुबह से व्यापारियों ने लदुना चौराहे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी क्षेत्रीय विधायक हरदीप सिंह डंग को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
पिछले कई घंटों से जारी इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए एंबुलेंस को आवागमन की अनुमति दी है।

प्रदर्शन की प्रमुख वजह
व्यापारियों का आरोप है कि नगर परिषद में दमकल जैसी बुनियादी सुविधा नहीं है और प्रशासनिक ढिलाई के कारण हालिया आगजनी की घटना में भारी नुकसान हुआ। उन्होंने पहले नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया और सीएमओ को चूड़ियां भेंट कर विरोध जताया। इसके बाद प्रदर्शन लदुना चौराहे पर स्थानांतरित हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि नगर के प्रथम नागरिक नगर परिषद अध्यक्ष अब तक कहां लापता हैं और दमकल व्यवस्था जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पूरी तरह क्यों नजरअंदाज की गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी शिवानी गर्ग, तहसीलदार मोहित सिनम और थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से कई दौर की बातचीत की, लेकिन व्यापारी विधायक की मौजूदगी के बिना जाम खोलने को तैयार नहीं हैं।

एसडीएम शिवानी गर्ग ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि:
– आज शाम तक सीतामऊ में एक अस्थाई फायर ब्रिगेड पहुंच जाएगी, जो स्थाई व्यवस्था होने तक तैनात रहेगी।
– सीएमओ के विरुद्ध कलेक्टर को रिपोर्ट भेज दी गई है और जल्द अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
– आगजनी से हुए नुकसान का पंचनामा तैयार कर नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि विधायक हरदीप सिंह डंग से अभी संपर्क नहीं हो पाया है।
प्रदर्शनकारी पिछले ढाई-तीन घंटे से चौराहे पर डटे हुए हैं और मौके पर सुनवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस लगातार जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

शामगढ़ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि ने सीएमओ पर लगाया गंभीर आरोप
इस पूरे मामले में शामगढ़ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र यादव ने सीतामऊ आगजनी मामले में फेसबुक पर लिखा कि –
सीतामऊ आगजनी प्रकरण में सबसे बड़ा खलनायक वहां का मुख्य नगर पालिका अधिकारी है जो कभी सीतामऊ में टिकता ही नहीं सैलाना के रहने वाले हैं रोजाना सैलाना से अप डाउन करते हैं और तारीफ की बात यह है कि सुवासरा नगर पालिका चार्ज भी इनके पास है।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!