नगर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा पार्षद दल का प्रदर्शन, सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ओवरब्रिज पर फ्लेक्स, जलभराव और कर्मचारियों के वेतन सहित कई मुद्दों पर उठाई आवाज

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पार्षद दल ने नगर पालिका परिषद पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर की यातायात व्यवस्था, जलभराव, सफाई, कर्मचारियों के वेतन तथा आवास योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की गई।

पार्षद दल ने मांग करते हुए कहा कि ओवरब्रिज पर लगाए जा रहे फ्लेक्स बोर्डों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, क्योंकि इनसे वाहन चालकों का ध्यान भटकता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही पिपलीदा रोड चौराहे पर अत्यधिक फ्लेक्स लगे होने से आमने-सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित हो रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ज्ञापन में खारीवाल कॉलोनी में बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उठाते हुए अधूरे नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुछ हितग्राहियों को तकनीकी कारणों से पात्रता सूची में शामिल नहीं किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई और उन्हें तत्काल पात्र मानकर आवास निर्माण की अनुमति देने की मांग की गई।

भाजपा पार्षदों ने काटजू नगर कॉलोनी में नालियों के ओवरफ्लो होकर सड़कों पर पानी आने से फैल रही गंदगी और दुर्गंध का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा नगर पालिका के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को समय पर वेतन और एरियर राशि नहीं मिलने से उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा होने की बात कही गई। ज्ञापन में शासन के निर्देशानुसार कर्मचारियों को शीघ्र एरियर और नियमित वेतन भुगतान की मांग की गई।

पार्षद दल ने शहर की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने तथा आवश्यक स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की मांग भी रखी। ज्ञापन में कहा गया कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!