नीमच। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी नीमच वृत्त द्वारा लाइनमैन दिवस के अवसर पर शनिवार 15 मार्च 2026 को होटल देव रेजिडेंसी, नीमच में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाइन कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 450 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से लाइन एवं तकनीकी कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री जयपाल सिंह ठाकुर, अधीक्षण यंत्री, वृत्त नीमच द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री ठाकुर ने विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन पर बल देते हुए कहा, “विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मैदानी कर्मचारियों को समय-समय पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनका नियमित उपयोग करना हर कर्मचारी की पहली जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर वृत्त के समस्त संभागों के कार्यपालन यंत्रीगण एवं सभी वितरण केंद्र प्रभारी भी उपस्थित रहे। वृत्त की विभिन्न इकाइयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित लाइन कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें गायन, चित्रकला, रंगोली, नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन कार्यक्रमों ने पूरे समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









