बाबरेचा में शासकीय स्कूल की जमीन पर ग्राम पंचायत ने अवैध सामुदायिक भवन का किया निर्माण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रामीणों ने कलेक्टर और जिला शिक्षाधिकारी से की शिकायत इसके बावजूद जारी है अवैध निर्माण

मंदसौर। मंदसौर जनपद पंचायत के बाबरेचा गांव में स्कूल शिक्षा विभाग की सरकारी भूमि पर बिना अनुमति ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस अवैध निर्माण के खिलाफ कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत की थी, जिस पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। लेकिन सरपंच पति की राजनीतिक पहुंच होने के कारण निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है और तीन दिनों से लगातार जारी है।

ग्राम बाबरेचा के सर्वे नंबर 70/2 पर कुल 0.2090 हेक्टेयर भूमि है, जहां शासकीय प्राथमिक विद्यालय व खेल मैदान स्थित है। यह भूमि वर्षों से स्कूल के विद्यार्थियों के खेलकूद, शारीरिक शिक्षा और अन्य गतिविधियों के लिए उपयोग होती आ रही है। ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव ने स्कूल की इसी भूमि और खेल बाउंड्री पर दबंगई दिखाते हुए सामुदायिक भवन का निर्माण शुरू कर दिया।

स्कूल प्राचार्य को ग्रामवासियों ने आवेदन दिया था, जिसे आगे बढ़ाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मंदसौर और कलेक्टर को शिकायत की गई। शिकायत पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर निर्माण तुरंत रोकने का आदेश दिया था। लेकिन उसके बाद सरपंच पति ने राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर काम जारी रखा। निर्माण कार्य के नाम पर पहले ही 13 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर लिया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग की स्पष्ट अनुमति के बिना इस तरह का निर्माण अवैध माना जाता है। जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने भी इस मामले से जनपद सीईओ को अवगत कराया और निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन उसके बावजूद काम नहीं रुका। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पक्ष दबंगई कर रहा है और विद्यार्थियों के खेल मैदान को हड़पने की कोशिश हो रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने कहा, “यह जमीन स्कूल के बच्चों के लिए है। सामुदायिक भवन कहीं और बनाया जा सकता था, लेकिन सरपंच पक्ष अपनी मनमानी कर रहा है।”

बिना अनुमति निर्माण अवैध –
इस सम्बन्ध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से जब चर्चा की ही तो उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की अनुमति के बिना ग्राम पंचायत द्वारा कोई भी निर्माण अगर किया जा रहा है तो वो अवैध है। इसी संबंध में ग्राम पंचायत सचिव जगदीश शर्मा से बात करने का प्रयास किया गया किंतु उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!