कोटा। कोटा मंडल में बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे ने सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री अनिल कालरा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) श्री सौरभ जैन व मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में यह अभियान 6 जून को कोटा-भवानीमंडी-कोटा रेल मार्ग पर चलाया गया।
लोकल सवारी गाड़ियों में बिना टिकट यात्रा की लगातार शिकायतों के बाद, चार ट्रेनों—गाड़ी संख्या 59838 (कोटा-अकलेरा), 61616 (कोटा-नागदा), 61623 (चौमहला-कोटा), और 59837 (अकलेरा-कोटा)—में विशेष टिकट चेकिंग की गई। इस दौरान 146 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे कुल 42,305 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

चेकिंग अभियान में चेकिंग स्टाफ लक्ष्मीकांत मीना, दीपक शर्मा, विष्णु कुमारी, मुनेश मीना, शुभम सिंह और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के मनवीर सिंह चौधरी व गौरव पंवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि बिना टिकट यात्रा पर रोकथाम के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









