आपसी रंजिश में पिस्टल से फायर कर हत्या का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। जिले के जावरा कस्बे में तीन दिन पूर्व आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर पिस्टल से फायर कर हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को जावरा पुलिस ने हुसैन टेकरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल रोड, जावरा निवासी शाहरुख (31), पिता अब्दुल हमीद, बुधवार रात अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। वह करीब एक घंटे तक अपनी पत्नी सानिया और ससुर रईस कुरैशी के साथ घर के बाहर बैठा था। इस दौरान अरशद, पिता नवाब खान, और उसका साथी वसीम उर्फ चौकडी वहाँ पहुँचे। दोनों ने शाहरुख को माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देना शुरू किया। जब शाहरुख ने इसका विरोध किया, तो अरशद ने वसीम को शाहरुख पर पिस्टल से फायर करने का आदेश दिया। वसीम ने पिस्टल से गोली चलाई, लेकिन शाहरुख दीवार के पीछे छिपकर बच गया।

गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। भीड़ को देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शाहरुख की शिकायत पर जावरा शहर थाने में अरशद और वसीम के खिलाफ भादंसं की धारा 109, 296 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

रविवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों फरार आरोपी हुसैन टेकरी क्षेत्र में देखे गए हैं। एसआई रघुवीर जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हुसैन टेकरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर शुगर मिल के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वसीम उर्फ चौकडी आदतन अपराधी है, और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पिस्टल के स्रोत और अन्य जानकारी के संबंध में पूछताछ करेगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!