मुर्गियों के बाड़े में बन रहा था मौत का सामान; रतलाम पुलिस ने पकड़ी करोड़ों की ड्रग फैक्ट्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रतलाम। जिले की पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पिपलोदा अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ा स्थित एक पोल्ट्री फार्म को अवैध MDMA फैक्ट्री में तब्दील कर दिया गया था। पुलिस की गुप्त सूचना पर रात्री दबिश में अंतरराष्ट्रीय स्तर का मशहूर ड्रग मैन्युफैक्चरर जमशेद खान उर्फ लाला उर्फ सैट समेत चार आरोपी गिरफ्तार किए गए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय की टीम ने गत रात्रि संयुक्त अभियान चलाया। जब टीम पोल्ट्री फार्म पहुंची तो चारों आरोपी केमिकल भट्टी पर ड्रग्स तैयार कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी-
– जमशेद खान उर्फ लाला उर्फ सैट (42) — मुख्य सरगना, राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला निवासी
– इरशाद खान (35)
– युसुफ खान (45)
– सलीम उर्फ राज (40)
पूछताछ में जमशेद लाला ने कबूल किया कि वह पिछले कई सालों से एमडी बनाने का काम कर रहा था। उसके खिलाफ राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

बरामद सामान-
– 200 ग्राम तैयार एमडी (अनुमानित कीमत ₹20 लाख)
– 900 ग्राम 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफेनोन
– 140.48 किलो MDC केमिकल
– 35.6 किलो HCL केमिकल
– गैस सिलेंडर, भट्टी, ड्रायर मशीन, वेटिंग मशीन
– तीन मोबाइल फोन
आरोपी ने बताया कि एक दिन पहले ही करीब 3 किलो एमडी किसी खरीदार को सप्लाई कर दी गई थी।
पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और खरीदारों की तलाश में जुट गई है। इस बड़ी सफलता पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

यह कार्रवाई जिले में ड्रग्स के बढ़ते खतरे को रोकने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। मामले में NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत पिपलोदा थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!