नगर पालिका परिषद की कार्यवाही पर सवाल: 4–5 माह बाद मिली प्रतिलिपि, बिंदुओं में हेरफेर का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी

रतलाम। जावरा नगर पालिका परिषद की कार्यवाही को लेकर एक पार्षद ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद जानी बाई धाकड़ ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को पत्र लिखकर परिषद की बैठकों की कार्यवाही में कथित अनियमितताओं और तथ्यों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
पार्षद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान परिषद को लगभग चार वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं और इस दौरान सभी सदस्यों ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित व विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। बावजूद इसके, परिषद की बैठक दिनांक 16 सितंबर 2025 एवं 24 दिसंबर 2025 में उठाए गए महत्वपूर्ण विषयों और दर्ज आपत्तियों को कार्यवाही पत्रक में सही रूप से नहीं दर्शाया गया।
उन्होंने बताया कि उक्त दोनों बैठकों की कार्यवाही प्रतिलिपि 9 फरवरी 2026 को प्राप्त हुई, जो लगभग 4 से 5 माह बाद मिली। इतनी देरी से कार्यवाही पत्रक मिलना अपने आप में संदेह उत्पन्न करता है। पार्षद का आरोप है कि 16 सितंबर 2025 की बैठक के बिंदु क्रमांक 169 में सर्वसम्मति दर्शाई गई, जबकि वास्तविक चर्चा में शासन एवं जनता के धन के सही उपयोग, साथ ही सीएम राइज स्कूल में होने वाले कार्यों को लेकर आपत्तियां और लिखित पत्राचार की बात स्पष्ट रूप से कही गई थी, जिसका कार्यवाही पत्रक में कोई उल्लेख नहीं है।
इसी प्रकार, 24 दिसंबर 2025 की बैठक में नामांतरण प्रकरणों की फाइल क्रमांक 47 व 48 पर भाजपा पार्षद दल द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं, लेकिन कार्यवाही में वहां भी सहमति दर्शा दी गई, जिसे पार्षद ने सोच-समझकर किया गया कृत्य बताया है।
पार्षद जालीबाई धाकड़ ने परिषद के माध्यम से मांग की है कि पूर्व में रजिस्टर में किए गए वास्तविक लेख का सदन में वाचन कराया जाए, ताकि आमजन को यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में निर्णय क्या लिए गए थे और कार्यवाही पत्रक में किस प्रकार हेरफेर किया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की गरिमा और परिषद की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!