उज्जैन। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत उज्जैन लोकायुक्त दल ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन के मार्गदर्शन में यह ऑपरेशन सफल रहा। आरोपी पटवारी ने नामांतरण कार्य के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 30 हजार लेते हुए वह पकड़ा गया।
दत्तक पुत्र के नाम जमीन करने के लिए मांगी थी रिश्वत
दिनेश चंद्र जोशी, निवासी ग्राम धलपत, तहसील सुवासरा, जिला मंदसौर ने 16 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके बड़े भाई स्वर्गीय भगवती प्रसाद की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने दिनेश के पुत्र आनंद जोशी को गोद लेकर दत्तक पुत्र बनाया था। भगवती प्रसाद के नाम पर दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण आनंद जोशी के नाम करवाने के लिए दिनेश हल्का पटवारी हरीश पाटीदार से मिले।
पटवारी हरीश पाटीदार ने इस कार्य के लिए 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता की रिपोर्ट की जांच के बाद लोकायुक्त दल ने ट्रैप की योजना बनाई। 16 फरवरी को ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये ले लिए थे। आज 18 फरवरी 2026 को तहसील कार्यालय सुवासरा में शेष 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

इस सफल ट्रैप ऑपरेशन में लोकायुक्त दल के निम्न सदस्य शामिल थे। निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव, आरक्षक विशाल रेशमिया, आरक्षक नेहा मिश्रा, आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक इसरार।
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








